Home देश पश्चिम मेदिनीपुर में बाल विवाह, साइबर ठगी और महिला सुरक्षा पर जागरूकता...

पश्चिम मेदिनीपुर में बाल विवाह, साइबर ठगी और महिला सुरक्षा पर जागरूकता शिविर आयोजित

0

मेदिनीपुर, 12 अगस्त : पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस की पहल पर बुधवार को रवींद्र भवन में बाल विवाह रोकथाम, साइबर ठगी से बचाव तथा महिला सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, विद्यालय के प्रधान शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विभिन्न अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम में पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खड़गपुर) बुशरा बानो, केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह के सामाजिक तथा भावी जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर ठगी से स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियों तथा महिला एवं किशोरियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

जागरूकता के संदेश को सरल और प्रभावी बनाने के लिए बाल विवाह रोकथाम पर सामाजिक जागरूकता से संबंधित नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों और समय रहते इसके विरुद्ध जागरूक होने की आवश्यकता को सामने रखा गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि एक जागरूक निर्णय किसी एक व्यक्ति का जीवन बदल सकता है। एक जागरूक परिवार पूरे समाज में बदलाव ला सकता है और सामूहिक जागरूकता से सुरक्षित, संरक्षित एवं बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है।

पुलिस की ओर से लोगों से बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने, साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

मध्य प्रदेश हर तरह के निवेश के लिए तैयार, यहां खुलकर करें निवेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Exit mobile version