Home देश टाटानगर स्टेशन पर फहराया जाएगा शहर का सबसे ऊंचा तिरंगा

टाटानगर स्टेशन पर फहराया जाएगा शहर का सबसे ऊंचा तिरंगा

0

रेल सिविल डिफेंस टीम करेगी आयोजन, तीन गणमान्य व्यक्तियों को किया जाएगा सम्मानित

पूर्वी सिंहभूम, 14 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार परिसर में रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहर के सबसे ऊंचे और बड़े राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाकर 30 फीट लंबे और 20 फीट चौड़े तिरंगे को फहराएंगे।

रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि ध्वजारोहण समारोह के दौरान रेल सिविल डिफेंस के जवान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में परेड मार्च करेंगे। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं।

समारोह के दौरान रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से सुरक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अतिविशिष्ट योगदान देने वाले शहर के तीन गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

सामाजिक क्षेत्र में साहसिक कार्यों और विशिष्ट योगदान के लिए टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग में सब-इंस्पेक्टर मजहरूल बारी और पत्रकार दीप पॉल चौधरी को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा के साथ समय पर ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए टाटानगर के चीफ यार्ड मास्टर श्याम बहादुर को सम्मानित किया जाएगा।

रेल सिविल डिफेंस टीम के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ शहर में सामाजिक एवं सुरक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने का अवसर भी होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
क्राइम न्यूज़

पिकअप से 711 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

Exit mobile version