Home देश खरगे ने स्वतंत्रता दिवस पर संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता...

खरगे ने स्वतंत्रता दिवस पर संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

0

नई दिल्ली, 15 अगस्त : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को अपने आवास पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर उन्होंने भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। खरगे ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अंग्रेजी शासन से मुक्ति नहीं है, बल्कि संविधान से मिले समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने के अधिकार की भी रक्षा करना है।

तिरंगा फहराने के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर दोहराते हुए तिरंगे की शान को सलाम किया।

इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर आधिकारिक बयान जारी किया गया। इसमें खरगे ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।

बयान में कहा गया कि पिछले 79 वर्षों की भारत की यात्रा उपलब्धियों, संघर्षों और संकल्पों की यात्रा रही है। देश ने बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन एक राष्ट्र के रूप में अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।

खरगे ने कहा कि उनके लिए स्वतंत्रता केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति नहीं है। यह संविधान से मिला वह अधिकार है, जो हर भारतीय को समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति और हर नागरिक का सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले एक दशक में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने कई चुनौतियां खड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को अवसर, किसानों की मेहनत को सम्मान और न्याय तथा महिलाओं को समान अधिकार और सशक्त भागीदारी मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को संविधान में निहित समानता और न्याय का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।

खरगे ने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सबसे बड़ा संकल्प उम्मीद है। उन्होंने देशवासियों से स्वतंत्रता के मूल्यों, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

अटारी-वाघा सीमा पर बीएसएफ ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Exit mobile version