Home देश फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल में दिखा देशभक्ति का जोश, हजारों लोगों...

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल में दिखा देशभक्ति का जोश, हजारों लोगों ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

0

नई दिल्ली, 16 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में फिटनेस और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 86वें संस्करण में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों, युवा खिलाड़ियों, फिटनेस एंबेसडरों और फिटनेस प्रेमियों समेत हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग और दौड़ के साथ योग, जुंबा, फिटनेस गतिविधियों और देशभक्ति गीतों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
विशेष आयोजन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और असम राइफल्स के जवान भी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने दो किलोमीटर की वार्म-अप दौड़ और पांच किलोमीटर की साइकिलिंग में हिस्सा लिया।

विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहे युशा नफीस ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस के समारोह के साथ इस तरह के कार्यक्रमों को जोड़ने से सभी में देशभक्ति की भावना जगाने में बहुत मदद मिलती है। चूंकि कल स्वतंत्रता दिवस था और आम जनता में काफी उत्साह है, इसलिए माहौल बहुत अच्छा है। खासकर सभी भारतीयों के लिए यह बहुत अच्छा महसूस होता है, क्योंकि यह अभियान 2024 में शुरू हुआ था और अलग-अलग जिलों से लगभग 40 लाख भारतीय इसमें आकर हिस्सा ले चुके हैं।”

2021 में अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान शिवानी पवार ने फिट इंडिया अभियान को युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा, “फिटनेस युवाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है, क्योंकि जब तक हमारा स्वास्थ्य अच्छा नहीं होगा, हम किसी भी क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकते। इसलिए युवाओं और आने वाली पीढ़ी के लिए यह सबसे जरूरी है कि हम फिटनेस को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करें।”

इस अवसर पर पूनम बिष्ट, शशि कला और लालहुमहुमी को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। 2025 विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स में पूनम बिष्ट ने स्वर्ण और शशि कला ने रजत पदक जीता था, जबकि जुडोका लालहुमहुमी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।

सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कठेरिया सहित कई अन्य हस्तियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

पूर्व राज्यसभा सांसद, पत्रकार और लेखक तरुण विजय को फिट इंडिया चैंपियन घोषित किया गया।

पूर्व मैराथन चैंपियन डॉ. सुनीता गोदारा, 1992 एशियन मैराथन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता और 1996 अटलांटा ओलंपिक की मशालवाहक, को फिट इंडिया एंबेसडर के रूप में सम्मानित किया गया। छह बार एसजीएफआई स्वर्ण पदक जीत चुकीं योग खिलाड़ी दिव्या अग्रवाल को भी फिट इंडिया एंबेसडर बनाया गया। पूर्व भारतीय वायुसेना पायलट एवं वायुसेना बॉडीबिल्डिंग टीम के पूर्व कप्तान अक्षय चोपड़ा और पोषण विशेषज्ञ एवं फिटनेस प्रशिक्षक टिम्सी बेक्टर को भी सम्मानित किया गया।

देशभक्ति गीत, जुंबा और नुक्कड़ नाटक ने बांधा समां

कार्यक्रम में ध्यान प्रशिक्षक और सूफी संगीतकार सीए अतुल चावला की विशेष प्रस्तुति ने देशभक्ति के रंग को और गहरा किया। वहीं, राहगिरी की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वतंत्रता दिवस और नशामुक्त भारत का संदेश दिया गया। योग जोन में योग के साथ ऊर्जावान जुंबा सत्र आयोजित हुआ। प्रतिभागियों ने बोरी दौड़, हुला हूप और बैडमिंटन जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।

तरुण विजय ने कहा, “फिट इंडिया हिंदुस्तान को मजबूत बनाता है। यह आम नागरिकों की जीवनशक्ति को बढ़ाता है, उनमें ऊर्जा और उत्साह भरता है तथा तिरंगे के गौरव और सम्मान की भावना पैदा करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया अभियान शुरू करके पूरे हिंदुस्तान को युवाओं की श्रेणी में पहली कतार में खड़ा किया है।”

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

कटिहार में स्वरोजगार और औद्योगिक प्रगति: युवाओं के लिए खुल रहे विकास के नए द्वार

Exit mobile version