Home राज्य कटिहार में बड़ा हादसा: बरंडी नदी में डूबने से तीन मासूम बच्चों...

कटिहार में बड़ा हादसा: बरंडी नदी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, दो सुरक्षित बचाए गए

0

कटिहार, 17 अगस्त : जिले के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरसांडा पंचायत स्थित कमला घाट पर सोमवार को सावन की सोमवारी के अवसर पर एक बड़ा हादसा हो गया। बरंडी नदी में स्नान करने गए पांच बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए। इस हृदयविदारक घटना में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि स्थानीय ग्रामीणों की मुस्तैदी से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सावन की सोमवारी होने के कारण मोरसांडा गांव के बच्चे सुबह स्नान करने के लिए बरंडी नदी के कमला घाट पर पहुंचे थे। नहाने के दौरान बच्चे पानी के तेज बहाव और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सके। देखते ही देखते पांचों बच्चे एक-एक कर गहरे गड्ढे की तरफ फिसलते चले गए। पानी में डूबने के दौरान बच्चों ने जब ‘बचाओ-बचाओ’ की गुहार लगाई, तो नदी किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हल्ला सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए दो बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अत्यधिक समय तक पानी के भीतर रहने के कारण अन्य तीन बच्चों की जान नहीं बचाई जा सकी। बाहर निकाले जाने तक तीनों दम तोड़ चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही फलका थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित और शोकाकुल परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया है और सरकार की ओर से मिलने वाली आपदा राहत सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में वीआईपी कल्चर छोड़ आम श्रद्धालु की तरह किया जलाभिषेक

Exit mobile version