बक्सर, 17 अगस्त : रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय संस्था ‘ब्लड बक्सर’ ने सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं में व्याप्त कमियों को लेकर सोमवार को प्रेस वार्ता की। संस्था ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रेस वार्ता में बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सह व्यवसायी रोहतास गोयल, सचिव सुमित मानसिंहका तथा शाहाबाद प्रभारी सह जदयू व्यवसायी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पंकज मानसिंहका ने रक्तदाताओं की मांगों को जायज बताते हुए अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
‘ब्लड बक्सर’ के संस्थापक एवं संचालक प्रियेश द्वारा जिलाधिकारी को दिए आवेदन में बताया गया कि संस्था नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करती है तथा थैलेसीमिया मरीजों के लिए विशेष रूप से कार्य करती है। आवेदन के अनुसार संस्था से जुड़े 19 नियमित रक्तवीरों समेत कुल 519 रक्तदाता हैं। संस्था का कहना है कि ब्लड बैंक में कई व्यवहारिक समस्याओं के कारण रक्तदाताओं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संस्था ने रक्तदान के दौरान रक्तदाताओं को पानी उपलब्ध कराने, क्रॉस चेकिंग किट की उपलब्धता, पोर्टल और बोर्ड पर रक्त की उपलब्धता की जानकारी में अंतर, रक्तदान शिविरों के लिए बेड की व्यवस्था, एंबुलेंस की उपलब्धता तथा रक्त की कमी के समय वैकल्पिक व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए।
‘ब्लड बक्सर’ का कहना है कि रक्तदाताओं का मनोबल बनाए रखना बेहद जरूरी है। संस्था ने प्रशासन से मांग की कि ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए, ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। प्रेस वार्ता में ब्लड बक्सर के प्रियेश, शादाब आलम, अमन अली, सैफ अंसारी, गौतम चौधरी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।







