कटिहार, 18 अगस्त : बिहार सरकार की “सरकार आपके द्वार” पहल के तहत कटिहार जिले के सभी प्रखंडों की 16 पंचायतों में मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बलरामपुर प्रखंड की लोहागढ़ा पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर आमजन से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर बलरामपुर विधायक संगीता देवी भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
जिलाधिकारी ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की मंशा आम नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। निर्धारित समय में कार्य नहीं करने वाले लापरवाह पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि राज्य सरकार के “सात निश्चय-3” के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रशासन सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच रहा है। यह शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक शिविर के अतिरिक्त ऑनलाइन पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां से आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
शिविर के दौरान पूर्व में निष्पादित मामलों के लाभार्थियों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र तथा रैयतों को प्रपत्र-7 पर्चा सहित विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां कई आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त, जिला व प्रखंड स्तरीय वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
