Homeराज्यबिहारमघरी में युवक की संदिग्ध हत्या से सनसनी, सड़क किनारे मिला शव

मघरी में युवक की संदिग्ध हत्या से सनसनी, सड़क किनारे मिला शव

सीवान, 22 अगस्त : सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के मघरी गांव में शनिवार की रात 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मघरी बाजार के पास एनएच-331 किनारे सड़क के समीप युवक का शव मिलने के बाद परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।

मृतक मघरी गांव निवासी रामजीत महतो के 24 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार है।

परिजन के अनुसार, प्रदीप शुक्रवार रात खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान नेपाल में रहने वाले उसके एक दोस्त का वीडियो कॉल आया। फोन पर बातचीत करते हुए वह घर से करीब 800 मीटर दूर मघरी एनएच-331 के किनारे पहुंच गया। बताया जाता है कि इसी दौरान चार लोग वहां पहुंचे और प्रदीप से मुजफ्फरपुर जाने का रास्ता पूछने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही उन लोगों ने चाकू निकाल लिया और प्रदीप से कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच अचानक वीडियो कॉल कट गया। नेपाल में मौजूद प्रदीप का दोस्त पूरी घटना फोन पर सुन रहा था। कॉल कटने के बाद उसने गांव और प्रदीप के परिजनों को सूचना दी कि कुछ लोग प्रदीप के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां प्रदीप या कथित हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और परिजनों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर मघरी बाजार के पास सड़क किनारे प्रदीप का शव बरामद हुआ।

घटनास्थल से पुलिस ने मृतक का एक चप्पल के अलावा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का चप्पल भी बरामद किया है। इन साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रदीप तीन भाइयों में मंझला था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां सुगांति देवी का निधन हो गया था। प्रदीप अविवाहित था और सूरत की एक साड़ी फैक्ट्री में काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने बताया कि मघरी बाजार के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद हुआ है। शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

इधर, परिजन ने इसे हत्या बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments