पटना : BPSC के परीक्षा नियंत्रक का एक वीडियो वायरल होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो में परीक्षा नियंत्रक की ओर से छात्रों के आरोपों के संदर्भ में एक विवादित और बेतुकी कहावत का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
BPSC परीक्षा नियंत्रक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में परीक्षा और छात्रों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के संदर्भ में परीक्षा नियंत्रक कथित तौर पर “हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार” जैसी कहावत का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच भी इस बयान को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
अब सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से वायरल वीडियो और परीक्षा नियंत्रक के बयान को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
BPSC परीक्षा को लेकर पहले से चल रहा है विवाद
गौरतलब है कि BPSC परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन और रैंक को लेकर छात्रों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। रैंक-3 की कॉपी को लेकर भी छात्र संगठनों ने आपत्ति जताई है।
इसी बीच परीक्षा नियंत्रक का यह वीडियो सामने आने से विवाद और बढ़ गया है। अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारी पर किस तरह की कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर है।
