Homeराज्यमहिला शिक्षिका की हत्या, पति ने किया फोन तो नहीं मिला जवाब;...

महिला शिक्षिका की हत्या, पति ने किया फोन तो नहीं मिला जवाब; ऐसे खुला मामला

मसौढ़ी: पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलूचक मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक महिला शिक्षिका की हत्या से सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से शिक्षिका की हत्या कर दी। बुधवार को परिजनों ने उनका शव मकान के एक कमरे में पाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान कैलूचक निवासी ज्ञानचंद चौधरी की पत्नी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। लक्ष्मी कुमारी पुनपुन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सहवाजपुर में सहायक शिक्षिका थीं।

मंगलवार रात घर में अकेली थीं शिक्षिका

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात लक्ष्मी कुमारी अपने मकान में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। घटना में उनकी मौत हो गई।

बुधवार सुबह पति ने फोन किया तो नहीं मिला जवाब

बुधवार की सुबह ज्ञानचंद चौधरी ने अपनी पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य ब्रजेश कुमार से संपर्क किया। वहां से पता चला कि लक्ष्मी कुमारी बुधवार को विद्यालय नहीं पहुंची थीं।

इसके बाद आशंका होने पर ज्ञानचंद ने अपने पुत्र गौरव कुमार को घर जाकर देखने के लिए कहा।

अंदर से बंद था मकान का दरवाजा

गौरव कुमार जब घर पहुंचा तो मकान का मुख्य दरवाजा समेत अन्य दरवाजे अंदर से बंद मिले। इसके बाद उसने सीढ़ी के सहारे चारदीवारी पार की और कमरे की खिड़की से अंदर देखने की कोशिश की।

कमरे में मां को बेड पर पड़ा देखकर गौरव ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां लक्ष्मी कुमारी का शव बिस्तर पर पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके के लोग और उनके पति भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती और एसडीपीओ राघव दयाल मौके पर पहुंचे। बाद में पटना से एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है।

अभी तक नहीं मिली हत्या की वजह

एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि महिला शिक्षिका की धारदार हथियार से हत्या की गई है। फिलहाल हत्या के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य स्रोतों से भी घटना की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments