बिहार: पटना जिले में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। गंगा नदी के साथ-साथ पुनपुन और दरधा नदी भी पूरे उफान पर हैं। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण पटना के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। चंडासी गांव के बाद अब अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर में भी पानी तेजी से प्रवेश कर रहा है।
पानी का स्तर लगातार बढ़ने के कारण मंदिर के सभी दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मंदिर के आसपास बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुनपुन और दरधा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण चंडासी इलाके की स्थिति गंभीर होती जा रही है। सबसे पहले सड़कों पर पानी का दबाव बढ़ा, जिसके चलते कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद दर्जनों गांवों का संपर्क भी प्रभावित हो गया। अब बाढ़ का पानी तेजी से अर्धनारीश्वर मंदिर की ओर बढ़ रहा है।
मंदिर परिसर से पहले बनाए गए सैकड़ों हवन कुंड भी बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। धीरे-धीरे पानी मंदिर के मुख्य हिस्से की ओर बढ़ रहा है। मंदिर के चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।
यहां 108 फीट ऊंची भव्य अर्धनारीश्वर प्रतिमा स्थापित है। बाढ़ का पानी मंदिर के आसपास फैलने से पूरे इलाके में जलजमाव की स्थिति बन गई है। हवन कुंड में जमा पानी में कुछ बच्चों के स्नान करने का दृश्य भी सामने आया है।
बाढ़ के कारण आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, मंदिर में पूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी फिलहाल प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और बाढ़ के पानी में जाने से बचने की अपील की जा रही है।
