पटना/भागलपुर : रेशमी शहर भागलपुर की एक और प्रतिभाशाली बेटी अब हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है। भीखनपुर गुमटी नंबर-3 स्थित हटिया चौक निवासी नूरी खान की 22 वर्षीय बेटी सूफिया तनवीर जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी पहली हिंदी फीचर फिल्म ‘ओये चिल मार’ आगामी 25 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हालांकि फिल्म में सूफिया का किरदार छोटा है, लेकिन वह इसे अपने बॉलीवुड सफर की अहम शुरुआत मानती हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा में मुख्य नायिका के तौर पर काम कर चुकीं सूफिया अब हिंदी फिल्मों में बतौर अभिनेत्री अपनी मजबूत पहचान बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही हैं।
पढ़ाई के दौरान अभिनय की ओर बढ़ा रुझान
सूफिया ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई भागलपुर से पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली गईं और वहीं से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। दिल्ली में पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव अभिनय और रंगमंच की ओर बढ़ने लगा। करीब दो-तीन वर्ष पहले अभिनय में करियर बनाने का सपना लेकर वह मुंबई पहुंचीं।
मुंबई जैसे बड़े शहर में अपनी पहचान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने थियेटर से अभिनय की बारीकियां सीखीं और लगातार अभ्यास के साथ खुद को ऑडिशन के लिए तैयार किया। इसके बाद उन्हें शॉर्ट फिल्मों, म्यूजिक वीडियो, विज्ञापनों और वेब सीरीज से जुड़े अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिला।
‘ना तेलुगोडू’ में मिली मुख्य नायिका की भूमिका
सूफिया के अभिनय करियर में बड़ा अवसर दक्षिण भारतीय फिल्म ‘ना तेलुगोडू’ के रूप में आया। ग्लिटर फिल्म अकादमी के माध्यम से उन्हें इस फिल्म में मुख्य नायिका की भूमिका के लिए चुना गया। जनवरी 2025 में शुरू हुई इस फिल्म में उन्होंने ‘शिशिरा’ का किरदार निभाया।
फिल्म के रिलीज होने के बाद दक्षिण भारतीय दर्शकों के बीच उनके अभिनय को सराहना मिली। इसके अलावा वह ‘एक्स टॉक’, ‘मूव ऑन’ और ‘हाय हनी’ जैसी शॉर्ट फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। गुजराती म्यूजिक वीडियो में भी उनकी मौजूदगी को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
बॉलीवुड में लीड एक्ट्रेस बनना लक्ष्य
सूफिया का मानना है कि अभिनय की दुनिया में केवल प्रोजेक्ट्स की संख्या मायने नहीं रखती, बल्कि अच्छे और प्रभावशाली किरदार ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं। मुंबई में ऑडिशन और संघर्ष के दौर से गुजरते हुए वह लगातार अपने अभिनय को निखार रही हैं।
अब ‘ओये चिल मार’ के जरिए हिंदी सिनेमा में उनकी नई शुरुआत होने जा रही है। भागलपुर से मुंबई तक का उनका सफर उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से निकलकर मनोरंजन की दुनिया में अपना मुकाम बनाने का सपना देखते हैं। सूफिया का अगला लक्ष्य बॉलीवुड में एक मंझी हुई अभिनेत्री और मुख्य नायिका के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना है।
