Home राज्य पटना में ड्यूटी के दौरान लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, पांच पुलिसकर्मियों का...

पटना में ड्यूटी के दौरान लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, पांच पुलिसकर्मियों का वेतन रोका; दो महिला जवान निलंबित

0

पटना : राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था संभालने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाने और निर्धारित स्थान पर जिम्मेदारी के अनुरूप ड्यूटी नहीं करने के मामले में पांच पुलिसकर्मियों का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, मुख्यमंत्री के मूवमेंट के दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर दो महिला जवानों को निलंबित कर दिया गया है।

यातायात एसपी सागर झा ने शहर के अलग-अलग यातायात पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही सामने आई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कारगिल यातायात पोस्ट पर मोबाइल चलाते मिलीं महिला सिपाही

गांधी मैदान यातायात थाना क्षेत्र के कारगिल यातायात पोस्ट के निरीक्षण के दौरान महिला सिपाही प्रियांशु कुमारी और गौरी कुमारी ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाती मिलीं। निरीक्षण के दौरान दोनों की कार्यशैली को ड्यूटी में लापरवाही माना गया। यातायात एसपी ने दोनों से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है।

बाकरगंज पोस्ट पर अंदर बैठे मिले तीन पुलिसकर्मी

वहीं, बाकरगंज यातायात पोस्ट के निरीक्षण के दौरान एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी पोस्ट के अंदर बैठे मिले। इनमें एएसआई रविंदर कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और सिपाही सूरज कुमार शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित स्थान पर सक्रिय रहना जरूरी है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान लापरवाही को गंभीरता से लिया गया।

पांचों का वेतन रोका, मांगा गया स्पष्टीकरण

निरीक्षण के बाद यातायात एसपी सागर झा ने पांचों पुलिसकर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि पुलिसकर्मियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ आगे विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

सीएम मूवमेंट में गैरहाजिर दो महिला जवान निलंबित

इधर, वीवीआईपी और मुख्यमंत्री के मूवमेंट के दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के मामले में दो महिला जवानों पर भी कार्रवाई हुई है। महिला जवान निशा कुमारी और गृह रक्षक रुचि कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही माना।

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को सख्त संदेश दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर की महत्वपूर्ण यातायात पोस्ट और वीवीआईपी मूवमेंट जैसी जिम्मेदारियों में तैनात पुलिसकर्मियों से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने की अपेक्षा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

पटना जू के पास बदलेगा मेट्रो स्टेशन का डिजाइन, नवंबर में शाफ्ट से उतरेंगी 4 TBM; अंडरग्राउंड काम को मिलेगी रफ्तार

Exit mobile version