| वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक निकलने वाली यह यात्रा 22 दिनों में 10 राज्यों, 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भारतीयज जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। बाइक यात्रा के शुभारंभ से पहले सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेे और ललिता घाट से गंगाजल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। कड़ी सुरक्षा के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घ आयु के लिए अभिषेक किया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की गई। इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मंदिर के गर्भगृह में मौजूद रहे। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि पूर्वाह्न 51 सेवा यात्री ललिता घाट पहुंचें। यहां गंगाजल भरने के बाद डमरू दल और शंखनाद के बीच वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। इसके बाद पवित्र नदियों के जल से ज्योतिर्लिंग का अभिषेक किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद वाराणसी से वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा शुरू होगी। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे। इसके बाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे। 10 राज्यों, 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा अशोक चौरसिया के अनुसार, काशी से वडनगर और फिर वडनगर से काशी तक चलने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 88 रात्रि विश्राम स्थल और 187 पड़ाव निर्धारित किए गए हैं। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर सवार होकर वडनगर के लिए रवाना होंगे। |
|||||||







