डेस्क : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 के बीच आयोजित होने वाली कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं का एग्जाम कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर में UGC NET, जॉइंट CSIR-UGC NET, JEE Main, CMAT, CUET PG समेत कई परीक्षाओं की संभावित तारीखों की जानकारी दी गई है। कैलेंडर जारी होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी का शेड्यूल बनाने में मदद मिलेगी।
हालांकि, NTA ने स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई तारीखें संभावित हैं। जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया जा सकता है। परीक्षा से जुड़ी अंतिम जानकारी संबंधित परीक्षा के लिए जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी जाएगी।
UGC NET दिसंबर में, JEE Main जनवरी में
NTA के कैलेंडर के अनुसार UGC NET दिसंबर 2026 का आयोजन 14 से 19 दिसंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। 20 और 21 दिसंबर को बफर डेट के तौर पर रखा गया है। वहीं जॉइंट CSIR-UGC NET की परीक्षा 20 और 21 दिसंबर को आयोजित होने का प्रस्ताव है।
इसके बाद JEE Main 2027 सेशन-1 की परीक्षा जनवरी 2027 में होगी। परीक्षा 22, 23, 24 और 28, 29 तथा 30 जनवरी को प्रस्तावित है। 31 जनवरी को बफर डेट के रूप में रखा गया है। बफर डेट का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक परीक्षा तिथि के तौर पर किया जा सकता है।
CMAT और CUET PG की तारीख भी प्रस्तावित
कैलेंडर में CMAT 2027 समेत अन्य परीक्षाओं की तारीखें भी दी गई हैं। आर्मी कैडेट्स कॉलेज एग्जामिनेशन 4 जनवरी को आयोजित होने का प्रस्ताव है, जबकि CMAT 2027 की परीक्षा 7 फरवरी को होने की संभावना है।
NITTT पार्ट-1 की परीक्षा 26 और 27 फरवरी को आयोजित की जाएगी। वहीं CUET PG 2027 की परीक्षा मार्च में 17 दिनों की अवधि के दौरान आयोजित होने का प्रस्ताव है। NIIITT पार्ट-2 की परीक्षा 5 और 7 मार्च को प्रस्तावित की गई है।
कई अन्य परीक्षाएं भी कैलेंडर में शामिल
NTA के दिसंबर 2026 से मार्च 2027 के परीक्षा कैलेंडर में UGC NET, जॉइंट CSIR-UGC NET, JEE Main, CMAT और CUET PG के अलावा आर्मी कैडेट्स कॉलेज एग्जामिनेशन, NIFT एंट्रेंस एग्जाम, सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम और अन्य परीक्षाओं को भी शामिल किया गया है।
NTA का कहना है कि परीक्षा की संभावित अवधि पहले से जारी करने का उद्देश्य छात्रों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संबंधित पक्षों को अपनी शैक्षणिक गतिविधियों की बेहतर योजना बनाने में सुविधा देना है।
अलग से जारी होगा हर परीक्षा का नोटिफिकेशन
NTA ने साफ किया है कि एग्जाम कैलेंडर को किसी भी परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन नहीं माना जाना चाहिए। प्रत्येक परीक्षा के लिए अलग से इंफॉर्मेशन बुलेटिन और नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
इन नोटिफिकेशन में आवेदन प्रक्रिया और तारीख, पात्रता, परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड, परीक्षा पैटर्न, आंसर की और रिजल्ट समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इसलिए छात्रों को संबंधित परीक्षा के आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा और अंतिम तारीखों के लिए NTA की आधिकारिक जानकारी को ही आधार मानना होगा।
