पटना, 20 सितंबर 2026 : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने पांच निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने समर्थित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। रविवार को जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।
पार्टी की ओर से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आफाक अहमद, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी के मुताबिक, तिरहुत शिक्षक, तिरहुत स्नातक और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अगले तीन-चार दिनों में की जाएगी।
शिक्षकों की स्थिति शिक्षा व्यवस्था में सुधार से बदलेगी: प्रशांत किशोर
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की प्राथमिकताएं भी सामने रखीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनमें शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE), वेतनमान, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की तैनाती और वित्त रहित-वित्त पोषित संस्थानों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय अलग-अलग संगठनों में बंटा हुआ है। जन सुराज का प्रयास सभी शिक्षक संगठनों को एक मंच पर लाकर एक संघर्ष समिति बनाने का होगा। पार्टी अगले दो से तीन वर्षों तक शिक्षकों के साथ मिलकर उनकी प्रमुख मांगों को लेकर काम करने की बात कह रही है।
शिक्षकों के लिए तीन प्रमुख मांगें
प्रशांत किशोर ने शिक्षकों से जुड़ी तीन प्रमुख मांगों को जन सुराज के एजेंडे में शामिल करने की बात कही। इनमें शामिल हैं-
- 7वां वेतनमान लागू कराना।
- वित्त रहित और वित्त पोषित शिक्षकों को शिक्षक संवर्ग में समायोजित करना।
- शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने के लिए स्पष्ट मानक तय करना।
प्रशांत किशोर ने कहा कि ये केवल शिक्षक संगठनों की मांगें नहीं रहेंगी, बल्कि जन सुराज इन्हें अपनी मांग के तौर पर उठाएगा। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव से पहले सरकार से इन मांगों को पूरा कराने के लिए पार्टी प्रयास करेगी।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 10 हजार रोजगार का दावा
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने रोजगार को लेकर भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज का उम्मीदवार जीतकर विधान परिषद पहुंचता है, तो संबंधित क्षेत्र में 10 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की जिम्मेदारी जन सुराज, निर्वाचित प्रत्याशी और उनकी होगी।
उन्होंने इसे बांकीपुर के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं के लिए किए गए रोजगार संबंधी वादे से जोड़ते हुए कहा कि इसी तरह की पहल प्रत्येक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में किए जाने की बात कही जा रही है।
प्रेस वार्ता में पार्टी के कई नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, वरीय नेता किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा और ललन यादव सहित ओबैदुर रहमान, सरवर अली, कुमार सौरभ, राकेश पटेल, मसीउद्दीन समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







