Homeदेशबैंक हड़ताल से पहले SBI की ग्राहकों को सलाह, 5 दिन तक...

बैंक हड़ताल से पहले SBI की ग्राहकों को सलाह, 5 दिन तक प्रभावित रह सकती हैं बैंकिंग सेवाएं

डेस्क : 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को लेकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि शाखा से जुड़े जरूरी काम हड़ताल शुरू होने से पहले ही निपटा लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का करें इस्तेमाल

SBI ने ग्राहकों को सलाह दी है कि हड़ताल के दौरान रोजमर्रा के बैंकिंग कामों के लिए डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान और अन्य ऑनलाइन लेनदेन के लिए SBI YONO, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है।

वहीं, नकदी की जरूरत होने पर ग्राहक नजदीकी ATM, ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन (ADWM) और ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) का सहारा ले सकते हैं।

लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकता है बैंकिंग कामकाज

बैंक हड़ताल का असर इसलिए भी अधिक हो सकता है क्योंकि 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी रहेगी। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल है। इस तरह लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहने की स्थिति बन सकती है।

SBI के अनुसार, हड़ताल के दौरान आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को जारी रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। हालांकि, जिन सेवाओं में बैंक कर्मचारियों की प्रत्यक्ष भूमिका जरूरी है, उनमें देरी हो सकती है। इनमें चेक क्लीयरेंस, दस्तावेज जमा करना और शाखा से जुड़े अन्य कार्य शामिल हैं।

UFBU ने किया है हड़ताल का आह्वान

गौरतलब है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 11 सितंबर को भी एक दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल हो चुकी है। यूनियनों की ओर से 26 अक्टूबर से लगातार हड़ताल का प्रस्ताव भी रखा गया है।

SBI ने ग्राहकों को संभावित असुविधा के लिए खेद जताते हुए अपील की है कि वे जरूरी शाखा संबंधी काम समय रहते पूरा कर लें और हड़ताल की अवधि में उपलब्ध डिजिटल एवं वैकल्पिक बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments