पटना : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार के बीच जारी बयानबाजी को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने दोनों नेताओं को पार्टी की मर्यादा और अनुशासन का ध्यान रखने की नसीहत दी।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों पर नेतृत्व की नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नेता को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे पार्टी की गरिमा प्रभावित हो।
‘पार्टी नेतृत्व मामले को संज्ञान में ले रहा है’
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में किसी तरह की समस्या या मतभेद नहीं है। हालांकि, नेताओं की ओर से सामने आ रहे बयानों और गतिविधियों को पार्टी का शीर्ष नेतृत्व गंभीरता से देख रहा है।
उन्होंने कहा कि जो भी स्थिति है, वह जल्द ही सबके सामने स्पष्ट हो जाएगी। पार्टी नेतृत्व पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और उचित स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
MLC चुनाव को लेकर बढ़ी बयानबाजी
दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पिछले कुछ समय से सार्वजनिक बयानबाजी तेज हुई है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ चुनावी रुख अपनाने की बात कही है, जिसके बाद नीरज कुमार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई।
पार्टी स्तर पर दोनों नेताओं के बीच मतभेद को सुलझाने की कोशिश भी की जा चुकी है।
विपक्ष पर भी उमेश कुशवाहा का निशाना
उमेश कुशवाहा ने इस दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग आज अपराध और ‘जंगलराज’ की बात कर रहे हैं, उन्हें अपने पुराने शासनकाल को भी याद करना चाहिए।
उन्होंने यह टिप्पणी भोला पासवान शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान की।
