Home राज्य “पैसे दे वरना जान से मार दूंगा…” रितेश पांडेय से 10 लाख...

“पैसे दे वरना जान से मार दूंगा…” रितेश पांडेय से 10 लाख मांगने वाला निकला उनका अपना ही पड़ोसी

0

डेस्क : भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर और एक्टर रितेश पांडे से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रितेश पांडे की शिकायत पर वाराणसी के सारनाथ थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में उनके पड़ोसी बुलबुल यादव और उसके एक अज्ञात साथी को आरोपी बनाया है।

फोन और मैसेज के जरिए मांगे गए पैसे

रितेश पांडे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बुलबुल यादव ने उन्हें फोन और मैसेज के जरिए संपर्क किया और 10 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार, पैसे नहीं देने पर रितेश पांडे और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस की साइबर क्राइम सेल भी मामले की जांच में जुटी है। टीम आरोपियों से जुड़े फोन नंबर, कॉल रिकॉर्ड और मैसेज की जानकारी जुटा रही है, ताकि धमकी और रंगदारी मांगने के मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्य सामने आ सकें।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, शनिवार देर रात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 308(5), 352 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। साथ ही रितेश पांडे और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

भोजपुरी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं रितेश पांडे

रितेश पांडे भोजपुरी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित नामों में शामिल हैं। उन्होंने सिंगिंग के साथ एक्टिंग में भी अपनी पहचान बनाई है। बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में भोजपुरी दर्शकों के बीच उनकी अच्छी लोकप्रियता है।

रितेश पांडे राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में रोहतास सीट से जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने जनवरी में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

फिलहाल रंगदारी और धमकी के इस मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

Vehicle Transfer Online: सेकेंड हैंड गाड़ी खरीदने वालों को बड़ी राहत, अब घर बैठे होगा Ownership Transfer

Exit mobile version