Home राज्य मुकेश सहनी का कौशाम्बी पहुंचने पर जोरदार स्वागत, गंगाजल हाथ में लेकर...

मुकेश सहनी का कौशाम्बी पहुंचने पर जोरदार स्वागत, गंगाजल हाथ में लेकर निषाद समाज ने लिया आरक्षण का संकल्प

0

डेस्क : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी सोमवार को निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा के तहत कौशाम्बी पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और निषाद समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सहनी ने निषाद समाज के लोगों को हाथ में गंगाजल लेकर आरक्षण के लिए संकल्प दिलाया।

कौशाम्बी में आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद पर निशाना साधा। सहनी ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहने के बावजूद निषाद आरक्षण के मुद्दे पर प्रभावी तरीके से आवाज नहीं उठाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार में रहते हुए भी धरना देना पड़ रहा है, तो सत्ता में बने रहने का औचित्य क्या है।

सहनी ने दावा किया कि वर्ष 2018 से निषाद आरक्षण का मुद्दा लंबित है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने वर्षों तक सत्ता के साथ रहने के बावजूद निषाद समाज को आरक्षण क्यों नहीं मिला। उन्होंने राजनीतिक समझौतों के कारण समाज के हितों से समझौता होने का आरोप लगाया। हालांकि, ये आरोप मुकेश सहनी के हैं।

आरक्षण नहीं तो वोट नहीं का संकल्प

मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के निषाद समाज को आरक्षण के मुद्दे पर जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों में निषाद समाज के लोगों से ‘आरक्षण नहीं तो वोट नहीं’ का संकल्प लिया जा रहा है।

सहनी ने कहा कि गंगाजल हाथ में लेकर लिया गया संकल्प निषाद समाज के अधिकार की लड़ाई को मजबूत करने का काम करेगा। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की अपील की।

2027 के चुनाव को लेकर क्या बोले सहनी?

वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मुकेश सहनी ने कहा कि VIP फिलहाल इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और उनकी पार्टी अलग से चुनाव लड़ने की योजना नहीं बना रही है।

उन्होंने कहा कि अगर डॉ. संजय निषाद विपक्ष के साथ आने का फैसला लेते हैं, तो सीट बंटवारे में निषाद समाज की पर्याप्त भागीदारी उनकी प्रमुख शर्त होगी। सहनी ने कहा कि गठबंधन में जिन सीटों पर सहमति बनेगी, उनमें 90 प्रतिशत सीटों पर निषाद समाज के उम्मीदवारों को मौका देने की मांग रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर आगे की रणनीति की जानकारी उचित समय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी जाएगी।

गांव-गांव जाकर अभियान चलाने की अपील

मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज अपने अधिकार और सम्मान के मुद्दे पर एकजुट है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को आरक्षण के मुद्दे पर जागरूक करने और संकल्प अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

छात्राओं से घिनौनी हरकत करने वाले 2 शिक्षक बर्खास्त, 2 सितंबर को निलंबन…21 सितंबर को नौकरी से बाहर

Exit mobile version