Home देश एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस में आग लगने से 9 यात्रियों की...

एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत; PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान

0

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई और अंदर फंसे 9 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने आग पर काबू पाने के बाद बस की बॉडी काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन कई घंटे तक चला।

PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में हुए इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, राज कल्पना ट्रेवल्स की डबल डेकर स्लीपर बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास चालक को बस के इंजन की तरफ आग लगने का पता चला। इसके बाद चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोकने की कोशिश की और आग बुझाने का प्रयास किया।

आग तेजी से फैलने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक और परिचालक ने यात्रियों को बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई। इस दौरान 20 से अधिक यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन में कई घंटे लगे

आग इतनी तेजी से फैली कि बस का अधिकांश हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। आग बुझाने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान काफी देर तक सुलगता रहा। राहत और बचाव टीमों ने बस की अलग-अलग जगहों की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला।

हादसे में बरामद शवों और अन्य अवशेषों को कैलाश अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनकी स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

लड़कियों से छेड़छाड़ और वीडियो वायरल करने की घटनाओं पर मंत्री दिलीप जायसवाल का बयान, साजिश की जताई आशंका

Exit mobile version