Homeराज्यबिहार में सड़क, पुल और ROB परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मंत्री ने...

बिहार में सड़क, पुल और ROB परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मंत्री ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध काम के निर्देश

पटना : बिहार में सड़क, पुल और रेल ओवरब्रिज (ROB) से जुड़ी निर्माणाधीन एवं लंबित परियोजनाओं को गति देने की कवायद तेज हो गई है। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने भागलपुर प्रमंडल की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी जरूरी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

भागलपुर प्रमंडल की परियोजनाओं की हुई समीक्षा

पटना स्थित विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL) और बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) के अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी स्तर पर अड़चन है, उसे चिह्नित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए जल्द समाधान निकाला जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

अमरपुर बाईपास और गंगा पथ पर भी फोकस

समीक्षा के दौरान अमरपुर बाईपास सहित गंगा पथ से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। भू-अर्जन, वन एवं पर्यावरण संबंधी मंजूरी में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा मुंगेर-सफीयाबाद-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज गंगा पथ तथा सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

कई ROB और पुल परियोजनाओं पर नजर

बैठक में भागलपुर-बौंसी रेलवे लाइन पर ROB, एस.एम. कॉलेज–मिर्जानहाट मार्ग के ROB, ऑरहनी नदी पर H.L. RCC ब्रिज और सुखनिया नदी पर प्रस्तावित चार लेन पुल सहित कई परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल से जुड़े कार्यों की स्थिति भी समीक्षा के दायरे में रही।

मंत्री ने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

रेलवे से जुड़ी मंजूरियों में देरी दूर करने पर जोर

बिहार में ROB परियोजनाओं को लेकर रेलवे के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे पहले हुई समीक्षा में मंत्री ने तकनीकी बाधाओं और लंबित रेलवे मंजूरियों को तय समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए थे। राज्य में वर्तमान में 58 ROB निर्माणाधीन बताए गए हैं, जिनमें 47 ईस्ट सेंट्रल रेलवे के क्षेत्राधिकार में हैं।

सरकार ने जून 2028 तक 50 ROB परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए डिजाइन, रेलवे अनुमति और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया है।

समय पर पूरा हो काम, गुणवत्ता से समझौता नहीं

समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सड़क, पुल और ROB परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं करने को कहा गया है।

इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के कई इलाकों में सड़क एवं परिवहन कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments