पटना : बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह का वेतन दान किया है। गुरुवार को उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इसका चेक सौंपा।
इस दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ भी मौजूद रहे।
‘आपदा पीड़ितों का राज्य के खजाने पर पहला अधिकार’
चेक सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में बिहार सरकार प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों में सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है और ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों और सक्षम लोगों से अंशदान की अपील
नीतीश कुमार ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय सभी जनप्रतिनिधियों और सक्षम लोगों को आगे आकर मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करना चाहिए। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग के जरिए आपदा प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के सरकार के प्रयासों को बेहतर तरीके से समर्थन दिया जा सकता है।
