Homeराज्यमीसा भारती के आरोपों पर मंत्री श्रवण कुमार का पलटवार, कहा- 'सरकार...

मीसा भारती के आरोपों पर मंत्री श्रवण कुमार का पलटवार, कहा- ‘सरकार का इकबाल ऊंचा’

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सांसद मीसा भारती द्वारा पटना के सचिवालय थाने में करीब छह घंटे इंतजार करने के बावजूद मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किए जाने के आरोप पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है कि कौन कहां गया था, लेकिन बिहार सरकार का इकबाल पूरी तरह कायम है। अपराध करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

बिहार में अपराध और अपराधियों के मुद्दे पर राजनीतिक दलों द्वारा जाति को आधार बनाए जाने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि उनकी सरकार अपराधी की जाति या धर्म देखकर कार्रवाई नहीं करती है। उन्होंने कहा कि सरकार की नजर में अपराध करने वाले व्यक्ति का कोई जाति या धर्म नहीं होता। कानून तोड़ने वाले के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाती है।

चुनाव आयोग को लेकर भी श्रवण कुमार का बयान

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार हो रहे प्रदर्शन और उनके इस्तीफे की मांग के बीच एनडीए के घटक दलों के कुछ नेताओं द्वारा चुनाव आयोग से पूरे मामले पर सफाई देने की मांग किए जाने के सवाल पर भी श्रवण कुमार ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि जब किसी चुनाव में उनकी पार्टी या गठबंधन जीतता है तो कुछ लोगों को चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने की जरूरत महसूस होने लगती है, जबकि कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों के जीतने पर वही चुनाव सही बताया जाता है।

श्रवण कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। यदि चुनाव आयोग को किसी मामले में कोई तथ्य या शिकायत उचित लगती है, तो वह उस पर विचार कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में अंतिम फैसला लेने का अधिकार चुनाव आयोग का ही है।

मंत्री के बयान के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं। वहीं, मीसा भारती द्वारा लगाए गए आरोपों और सचिवालय थाने में मामला दर्ज नहीं किए जाने के मामले में संबंधित पक्षों की ओर से आगे की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments