Homeराज्यदालकोला से पूर्णिया पहुंची अवैध खाद पर बड़ा एक्शन, 600 से अधिक...

दालकोला से पूर्णिया पहुंची अवैध खाद पर बड़ा एक्शन, 600 से अधिक बोरा DAP लदा ट्रक जब्त

पूर्णिया: पश्चिम बंगाल के दालकोला से पूर्णिया लाई जा रही अवैध खाद के खिलाफ कृषि विभाग और मुफस्सिल पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पूर्णिया पूर्व प्रखंड की बियारपुर पंचायत स्थित उचितपुर चौक पर मुख्तार खाद-बीज भंडार में छापेमारी कर दुकान और गोदाम की जांच की गई। इसी दौरान बिना वैध कागजात के खाद लेकर पहुंचे एक ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बेबी कुमारी और मुफस्सिल पुलिस की संयुक्त टीम ने खाद-बीज दुकान की जांच के दौरान पोस मशीन में दर्ज स्टॉक और गोदाम में मौजूद खाद का मिलान किया। जांच में गोदाम के अंदर कुल 1263 बोरा खाद मिली। इसमें 134 बोरा डीएपी और 50 बोरा एमओपी समेत अन्य प्रकार की खाद शामिल थी।

600 से अधिक बोरा DAP लदा ट्रक जब्त

जांच के दौरान दालकोला से पूर्णिया पहुंचे एक ट्रक को भी टीम ने पकड़ा। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 600 से अधिक बोरा डीएपी और 20 बोरा एमओपी लदा मिला। अधिकारियों के अनुसार ट्रक में लदी खाद से संबंधित जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे। साथ ही ट्रक में मौजूद खाद का स्टॉक पोस मशीन में भी दर्ज नहीं पाया गया।

कृषि विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के दालकोला से खाद लाकर पूर्णिया में बिक्री करना नियमों के अनुरूप नहीं है। इसी आधार पर टीम ने ट्रक और उसमें लदी खाद को जब्त कर लिया।

जब्त खाद को सुरक्षित गोदाम में रखा गया

कार्रवाई के बाद जब्त ट्रक को खाली करवाकर मुफस्सिल थाना परिसर में खड़ा कराया गया। वहीं जब्त खाद को रानीपतरा स्थित फार्मर्स सेंटर के गोदाम में सुरक्षित रखा गया है।

मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि खाद कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

छापेमारी टीम में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बेबी कुमारी, मुफस्सिल थाना के एसआई रवींद्र तिवारी, कोऑर्डिनेटर उद्धव कुमार और जिला कोऑर्डिनेटर धनंजय कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments