पटना : बिहार में नेशनल हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज 58 राज्यमार्गीय गश्ती वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों को राज्य के अलग-अलग जिलों में तैनात किया जाएगा।
इन गश्ती वाहनों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है। अब हाईवे पर गश्ती दल लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेंगे।
हाल के दिनों में नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर कई तरह की घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचती है। ऐसे में अगर हाईवे पर पहले से ही गश्ती दल मौजूद रहे, तो किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना को समय रहते रोकने में मदद मिल सकती है।
सरकार ने इसी को ध्यान में रखते हुए 58 नए गश्ती वाहनों को सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया है। इन वाहनों के जरिए हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। साथ ही दुर्घटना, जाम, अपराध या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के लिए इन गश्ती वाहनों को रवाना किया। सरकार की ओर से हाईवे सुरक्षा को लेकर इस पहल को महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इन वाहनों की तैनाती के बाद नेशनल हाईवे पर पुलिस की मौजूदगी और निगरानी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश होगी।
