पटना : सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। इसी संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए रविवार सुबह पटना में रोड सेफ्टी स्केटिंग मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव गोलंबर से शुरू हुई मैराथन एलसीटी घाट तक गई। इसमें स्केटिंग खिलाड़ियों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
स्केटिंग के जरिए किया जागरूक
पटना यातायात पुलिस और एनसीसी एलुमनी एसोसिएशन ‘एनसीसी उड़ान’ की संयुक्त पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्केटिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सावधानी बरतने और सुरक्षित तरीके से सफर करने की अपील की।
आयोजकों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों के पालन के साथ लगातार जागरूकता अभियान चलाना भी जरूरी है। युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों से जोड़कर सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फ्लैग ऑफ से पहले सम्मान समारोह
मैराथन के फ्लैग ऑफ से पहले सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें एडीजी ट्रैफिक, पटना के पुलिस अधीक्षक यातायात समेत यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में एनसीसी एलुमनी बिहार के स्टेट कोऑर्डिनेटर धीरज कुमार, ट्रैफिक डीएसपी-द्वितीय अनिल कुमार, ट्रैफिक डीएसपी-तृतीय आशीष कुमार और ट्रैफिक डीएसपी-चतुर्थ पौरुष अग्रवाल भी शामिल हुए।
आयोजन से जुड़े लोगों को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह में कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष केपीएस केसरी और अरुण अग्रवाल, एनसीसी उड़ान के सलाहकार संजय गोयनका तथा स्केट जोन एकेडमी के आशीष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में स्केट जोन एकेडमी और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी सराहना की गई।
युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ने पर जोर
यातायात पुलिस और एनसीसी की इस पहल में युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियान का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अनुशासन तभी प्रभावी होगा, जब लोग यातायात नियमों को अपनी जिम्मेदारी समझकर उनका पालन करेंगे।
स्केटिंग मैराथन में शामिल प्रतिभागियों ने भी लोगों से सुरक्षित यातायात और नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के जरिए सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
