डेस्क : वाराणसी में अक्टूबर का महीना रोमांचक होने वाला है। भारतीय वायुसेना की ओर से काशी में भव्य एयर शो की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस एयर शो में गंगा के ऊपर लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपने शानदार करतब दिखाएंगे।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर पार्क होंगे 20 फाइटर प्लेन
एयर शो में शामिल होने वाले करीब 20 फाइटर प्लेन को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर में पार्क किया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट पर नए पार्किंग वे यानी एप्रन का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
फिलहाल एयरपोर्ट पर 10 पार्किंग वे मौजूद हैं। निर्माण पूरा होने के बाद 17 नए पार्किंग बे तैयार हो जाएंगे और कुल संख्या 27 तक पहुंच जाएगी। कुछ अन्य विमान और हेलीकॉप्टर प्रयागराज, गाजीपुर और आजमगढ़ में भी पार्क किए जाएंगे।
100 से ज्यादा विमान और हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब
एयर शो करीब ढाई घंटे का होगा। इसमें 100 से अधिक एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर शामिल होंगे। अलग-अलग स्थानों से उड़ान भरने के बाद ये विमान निर्धारित समय के अनुसार गंगा के ऊपर पहुंचेंगे और एरियल डिस्प्ले करेंगे।
काशी के घाटों से दर्शक आसमान में विमानों की फॉर्मेशन और करतब का नजारा देख सकेंगे। एयर शो के दौरान नियमित हवाई यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
गंगा घाट पर बनेगा अलग ATC टावर
एयर शो के संचालन के लिए गंगा घाट के पास एक अलग एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर तैयार किया जाएगा। इस दौरान वायुसेना के अपने ATC अधिकारी विमानों की उड़ान और मूवमेंट की निगरानी करेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक एयर शो के समय बाबतपुर एयरपोर्ट के नियमित ATC का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इससे एयर शो की उड़ानों और सामान्य हवाई यातायात के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की योजना है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
एयर शो को लेकर भारतीय वायुसेना और एयरपोर्ट अधिकारियों के बीच जल्द ही एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इसमें सुरक्षा, हवाई यातायात और विमानों के शेड्यूल समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इससे पहले सामने आई तैयारियों के अनुसार नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा के ऊपर निर्धारित कॉरिडोर में एयरक्राफ्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। शो के दौरान नदी में नावों की आवाजाही को लेकर भी प्रतिबंध और सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाई जा रही है।
काशी के आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा
भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रस्तावित यह एयर शो काशी के लिए खास आयोजन होगा। गंगा के घाट, ऐतिहासिक इमारतों और आसमान में उड़ते लड़ाकू विमानों का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।







