पटना : जिले में नये राशन कार्ड के लिए मिले आवेदनों की जांच और E-KYC के बाद 1.18 लाख पात्र लाभुकों को राशन कार्ड देने की तैयारी है। इनमें 31 हजार लाभुकों को नया राशन कार्ड दिया जा चुका है, जबकि 87 हजार आवेदनों की E-KYC प्रक्रिया अभी जारी है।
पटना जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से नये राशन कार्ड के लिए कुल 1.27 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के बाद इनमें से 1.18 लाख आवेदन सही पाये गये हैं। अब पात्र लाभुकों की E-KYC कर राशन कार्ड देने की प्रक्रिया चल रही है।
अब तक 37 हजार आवेदनों की E-KYC पूरी हो चुकी है। इनमें से 31 हजार लाभुकों को राशन कार्ड मिल चुका है। वहीं 87 हजार आवेदनों की E-KYC अभी बाकी है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि शेष पात्र लाभुकों की E-KYC पूरी कर दशहरा से पहले उन्हें नया राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाये। इसके बाद नवंबर से 1.18 लाख लाभुकों को प्रति कार्ड पांच किलो मुफ्त राशन मिलने लगेगा।
आवेदनों की जांच में बाढ़ अनुमंडल में सबसे अधिक 22,547 आवेदन सही पाये गये हैं। इसके बाद दानापुर में 22,100, मसौढ़ी में 16,453, पालीगंज में 15,514 और पटना सिटी में 10,066 आवेदन सही मिले हैं।
पटना सदर अनुमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में 5,815 आवेदन सही पाये गये हैं। वहीं पटना सदर और पटना सिटी के संबंधित क्षेत्रों में कुल 25,904 आवेदन सही मिले हैं।
