डेस्क : बिहार में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने 27 सितंबर की रात व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया। गृह विभाग के निर्देश पर बिहार पुलिस, रेल पुलिस और मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने मिलकर Full Field Day Drive चलाया। इस दौरान राज्यभर में वाहनों की जांच, गिरफ्तारी और अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एक घंटे के विशेष अभियान में बड़े पैमाने पर जांच
गृह विभाग के निर्देश पर जिलों में पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ के नेतृत्व में रात 9 बजे से 10 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पटना, नालंदा, गयाजी, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, सारण और सीवान समेत कई जिलों में पुलिस ने सघन गश्ती और वाहन जांच की।
जिला पुलिस की ओर से 47,718 वाहनों की जांच की गई। इनमें से 3,660 वाहनों से कुल 56 लाख 54 रुपये की शमन राशि वसूल की गई, जबकि 110 वाहन जब्त किए गए।
736 अभियुक्त और 116 वारंटी गिरफ्तार
विशेष अभियान के दौरान जिला पुलिस ने 736 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 116 वारंटियों की भी गिरफ्तारी हुई। शराब के नशे में पाए गए 29 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध शराब और मादक पदार्थ बरामद किए गए।
क्या-क्या हुआ बरामद?
- 1,169.63 लीटर देशी शराब
- 3,482.482 लीटर विदेशी शराब
- 216 ग्राम स्मैक
- 3.17 ग्राम हेरोइन
- 3.37 किलोग्राम गांजा
- 4 हथियार
- 1 कारतूस
- 54 मोबाइल फोन
- 9,31,500 रुपये नकद
रेल पुलिस ने भी की कार्रवाई
रेल पुलिस ने भी विशेष अभियान के दौरान 240 वाहनों की जांच की। इस कार्रवाई में 9 अभियुक्तों और एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया।
रेल पुलिस ने 55.3 लीटर देशी शराब और 205.13 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन और 2 चाकू भी बरामद किए गए।
पटना में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की कार्रवाई
पटना में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने भी अभियान के तहत 131 दुकानों की जांच की।
गांधी मैदान क्षेत्र से 74 लीटर आईएमएफएल, एक ऑटो, एक बुलेट, एक स्कूटी, 50 एटीएम कार्ड/पासबुक एवं चेकबुक तथा 2 मोबाइल बरामद किए गए।
वहीं, कोतवाली क्षेत्र से 280 ग्राम गांजा और 2 मोबाइल बरामद किए गए। शास्त्रीनगर क्षेत्र में 37 पीस सिगरेट, गांजा और 7 पीस गोगो बरामद किया गया। इन कार्रवाइयों में कुल 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
जब्त एटीएम और पासबुक की होगी साइबर जांच
गांधी मैदान क्षेत्र से बरामद 50 एटीएम, पासबुक और चेकबुक को आर्थिक आपराधिक गतिविधियों की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। गृह विभाग के निर्देश पर साइबर इकाई को इनकी जांच करने के लिए कहा गया है।
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
गृह विभाग के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना तथा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
गृह विभाग द्वारा अभियान की निगरानी की जा रही है। विभाग ने संबंधित पुलिस इकाइयों को इस तरह के अभियान आगे भी प्रभावी तरीके से जारी रखने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।







