Home राज्य गंडक के बढ़े जलस्तर पर विजय चौधरी का बयान, JDU की अंदरूनी...

गंडक के बढ़े जलस्तर पर विजय चौधरी का बयान, JDU की अंदरूनी खींचतान और चिराग के बयान पर भी बोले

0

पटना : बिहार में गंडक नदी के बढ़े जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को लेकर डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेपाल के गंडक जलग्रहण क्षेत्र में पिछले दो दिनों में हुई भारी बारिश के कारण नदी में अप्रत्याशित रूप से पानी बढ़ा है। उनके मुताबिक, इस बार बिहार में बाढ़ का पैटर्न भी बदला है। पहले गंगा में बाढ़ की स्थिति बनी और अब गंडक नदी में चुनौती बढ़ी है।

चौधरी ने बताया कि वाल्मीकिनगर बराज पर करीब 5.43 लाख क्यूसेक का अधिकतम डिस्चार्ज दर्ज किया गया, जबकि 2024 में करीब 5.62 लाख क्यूसेक पानी आया था। इसके बावजूद इस बार बगहा में नया हाई फ्लड लेवल (HFL) बना और जलस्तर पिछली बार की तुलना में करीब 35 से 37 सेंटीमीटर अधिक दर्ज हुआ।

तटबंध टूटने से दो जगह असर

डिप्टी CM ने बताया कि पश्चिम चंपारण के बगहा और बैरिया प्रखंड में तटबंध के दो स्थानों पर टूटान हुआ है। बगहा में टूटान वाले इलाके में चौड़ का क्षेत्र होने के कारण आबादी पर बड़ा असर नहीं पड़ा, जबकि बैरिया के आसरा टोला में कुछ घर प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों स्थानों पर जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। विभाग के सचिव भी रात से मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रभावित लोगों तक जिला प्रशासन के माध्यम से राहत और सहायता पहुंचाई जा रही है।

बारिश हुई तो फिर बढ़ सकता है जलस्तर

विजय चौधरी ने कहा कि आज शाम से कल सुबह तक स्थिति में सुधार की उम्मीद है। हालांकि, गंडक के जलग्रहण क्षेत्र में दोबारा बारिश होने पर नदी का जलस्तर फिर बढ़ सकता है।

उन्होंने बताया कि बगहा और बराज के बीच करीब 14 घंटे तक पानी एक ऊंचाई पर स्थिर रहा, जिसे उन्होंने असामान्य स्थिति बताया। उनके अनुसार, लंबे समय तक पानी रुके रहने से जमीन कमजोर होती है और नदी की तरफ से दबाव के कारण जमीन के भीतर से पानी निकलने की स्थिति को ‘पाइपिंग’ कहा जाता है। अधिकारियों को रात में इसकी सूचना मिली, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल निगरानी शुरू की।

JDU की अंदरूनी खींचतान पर क्या बोले?

MLC चुनाव को लेकर JDU में चल रही अंदरूनी खींचतान पर विजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह मामला पार्टी के संज्ञान में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समय रहते इसका समाधान हो जाएगा।

चिराग पासवान के बयान पर सरकार का रुख

चिराग पासवान के बयान पर डिप्टी CM ने कहा कि चिराग सरकार में शामिल हैं और उनके बयान को लेकर सरकार पूरी तरह संज्ञान लेगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और पिछले दिनों हुई आपराधिक घटनाओं को सरकार गंभीरता से लेती है।

उन्होंने कहा कि अपराध होने पर अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और कानून के हवाले करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार की नीति को अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ बताया।

जाति के आधार पर कार्रवाई के आरोपों पर क्या कहा?

जाति के आधार पर कार्रवाई के आरोपों पर विजय चौधरी ने कहा कि जिन अपराधियों पर कार्रवाई हुई है, उनकी जाति भी देख ली जाए तो भ्रम दूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं में कार्रवाई की गई है और कार्रवाई किए गए अपराधियों की सूची देखने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं, उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष से सरकार की प्रशंसा की उम्मीद नहीं है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

चिराग पासवान का बड़ा ऐलान, 2027 में 403 सीटों पर तैयारी

Exit mobile version