Home राज्य पटना में बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मिशन मोड में होगी मरम्मत,...

पटना में बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मिशन मोड में होगी मरम्मत, DM ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0

पटना : बाढ़ और अत्यधिक बारिश से पटना जिले में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत अब मिशन मोड में की जाएगी। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत और अनुरक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अगले एक सप्ताह तक सड़क मरम्मत पर विशेष फोकस रखने का निर्देश दिया।

DM ने कहा कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बाढ़ और बारिश से क्षतिग्रस्त सभी सड़कों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत शुरू की जाए। सड़क क्षति की सूचना मिलते ही निरीक्षण और मरम्मत की कार्रवाई शुरू करने के लिए प्रभावी मैकेनिज्म तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।

अनुरक्षण अवधि वाली सड़कों की भी होगी मरम्मत

जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अनुरक्षण अवधि वाली सड़कों की मरम्मत संबंधित संवेदकों के माध्यम से नियमानुसार कराई जाए। सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और सड़क मरम्मत में किसी भी तरह की देरी न हो।

सड़कों की त्वरित मरम्मत के लिए पर्याप्त संख्या में रोड एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया।

मेट्रो और गैस पाइपलाइन के काम के बाद सड़क तुरंत ठीक करने का निर्देश

मेट्रो रेल और गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की तत्काल और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर काम पूरा होने के बाद सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने को कहा गया।

पटना मेट्रो को अपने रखरखाव वाली सड़कों की लगातार निगरानी करने और क्षति मिलने पर समय पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। खास तौर पर राजेंद्र नगर टर्मिनस के पास क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द ठीक करने को कहा गया।

जरूरत वाले स्थानों पर बनेंगे फुट ओवर ब्रिज

शहर में सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक स्थानों की पहचान कर फुट ओवर ब्रिज निर्माण के लिए सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही सड़कों पर बने पुलों और फुट ओवर ब्रिज के खराब एस्केलेटर को भी तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया।

अनधिकृत क्रॉसिंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई

एसपी ट्रैफिक सागर कुमार ने अनधिकृत क्रॉसिंग को चिन्हित कर बंद कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क किनारे बने पैदल पथ को अतिक्रमणमुक्त कराने पर भी जोर दिया, ताकि पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

सड़क पर वाहन खराब होने, पेड़ गिरने या किसी अन्य कारण से यातायात बाधित होने पर संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करेंगे। बाधा को जल्द हटाकर यातायात बहाल करने का निर्देश दिया गया।

अनुमंडल स्तर पर भी होगी लगातार निगरानी

DM ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि काम की प्रगति की लगातार समीक्षा हो और किसी भी समस्या का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत और अनुरक्षण में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण कार्य और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

कोशी स्नातक सीट से जन सुराज के उम्मीदवार होंगे डॉ. रजनीश रंजन, 5 अक्टूबर को दाखिल करेंगे नामांकन

Exit mobile version