पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस के बीच उम्मीदवारों के ऐलान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। RJD ने जहां छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, वहीं कांग्रेस ने भी पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है। दोनों दलों के अलग-अलग उम्मीदवार उतारने को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है।
श्याम रजक ने कहा कि RJD और कांग्रेस के बीच आमना-सामना होना कोई आश्चर्यजनक बात नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच पिछले कई वर्षों से दूरगामी संबंध रहे हैं और मौजूदा स्थिति उसी का परिणाम है। श्याम रजक ने आरोप लगाया कि दोनों संगठन अपने-अपने परिवार और भ्रष्टाचार के मुद्दों में उलझे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों दल आने वाले समय में आपस में ही लड़ेंगे और इनके एकजुट होने की संभावना नहीं है।
‘इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद उम्मीदवारों का ऐलान दिखावा’
इंडिया गठबंधन की बैठक के ठीक एक दिन बाद कांग्रेस की ओर से अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा किए जाने पर भी श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सब दिखावा है। उनके मुताबिक, अब गठबंधन के भीतर की स्थिति और सत्ता की राजनीति सामने आ गई है।
रोहिणी आचार्य के बिहार दौरे पर भी साधा निशाना
रोहिणी आचार्य के आने वाले दिनों में बिहार दौरे पर निकलने की चर्चा को लेकर भी श्याम रजक ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह पत्रकारों के लिए खुशखबरी हो सकती है, लेकिन उनके लिए यह कोई खुशखबरी नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें न कोई फायदा है और न नुकसान।
श्याम रजक ने दावा किया कि जनता के बीच इन नेताओं का कोई प्रभाव नहीं है।
विपक्ष के प्रदर्शन पर बोले- ‘एक-दो घंटे प्रदर्शन कर घर चले जाएंगे’
देशभर में विपक्ष की ओर से प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर श्याम रजक ने कहा कि आम जनता इन प्रदर्शनों में शामिल नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के नेता और उनके परिवार के लोग ही प्रदर्शन करेंगे और एक-दो घंटे प्रदर्शन करने के बाद अपने घर चले जाएंगे।
पटना में महिला पुलिसकर्मी से मारपीट की घटना पर जताई चिंता
पटना में बीते दिनों महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर भी श्याम रजक से सवाल किया गया। सरकार की ओर से जमुई समेत विभिन्न घटनाओं में कार्रवाई किए जाने के दावों के बीच उन्होंने कहा कि पटना की घटना बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि जिस महिला पुलिसकर्मी के साथ घटना हुई, उसके मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए रणनीति बनाए जाने की जरूरत है।
हालांकि, जब उनसे इतनी बड़ी घटना को एक-दो घटना बताने और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई का हवाला दिया।
