जमुई : चकाई प्रखंड में 4000 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इथेनॉल प्लांट का आज बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ परिवहन मंत्री दामोदर रावत और उद्योग मंत्री श्रेयशी सिंह भी मौजूद रहीं।
अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड के इस निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में उद्योग का जाल बिछ रहा है और जमुई में भी बड़े पैमाने पर उद्योग लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य है कि जमुई जैसे सीमांत जिले में भी बड़े उद्योग स्थापित हों, ताकि लोगों का पलायन रुके और युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिल सके।
बताया गया कि इस इथेनॉल प्लांट से 5000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। प्लांट के शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की बात कही जा रही है।
वहीं, उद्योग मंत्री श्रेयशी सिंह ने कहा कि जमुई में उद्योग स्थापित करने के लिए बेहतर माहौल है और सरकार निवेशकों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्लांट की निर्माण प्रगति और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी ली गई। सरकार का कहना है कि इस तरह की बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं से जमुई में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
