डेस्क : पटना में बैंक के अंदर बैग से 28.52 लाख रुपये चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार STF से मिली सूचना के आधार पर पटना और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने बेगूसराय में छापेमारी कर 25 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। हालांकि, मामले का आरोपित विशाल कुमार पुलिस के हाथ नहीं लगा और छापेमारी के दौरान फरार मिला।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित SBI की गांधी मैदान शाखा में रुपये जमा करने पहुंचे अमित कुमार के बैग से अज्ञात अपराधियों ने 28 लाख 52 हजार 210 रुपये निकाल लिए थे। अमित कुमार मूल रूप से नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के ध्रुव पकड़ी गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में राजीव नगर में कार्यरत हैं।
घटना के बाद गांधी मैदान थाने में कांड संख्या 570/26 के तहत BNS की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान बिहार STF की विशेष टीम से मिली सूचना के आधार पर पटना पुलिस और बेगूसराय पुलिस ने बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरिया गांव निवासी विशाल कुमार, पिता अरविंद तिवारी, के घर छापेमारी की।
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान घर से चोरी के 25 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। हालांकि, विशाल कुमार मौके पर नहीं मिला और फरार पाया गया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बरामद रकम को इस मामले की जांच में अहम बरामदगी माना जा रहा है। पुलिस फरार आरोपित विशाल कुमार की तलाश में भी जुटी है।
