पटना : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पटना के गांधी मैदान में राजकीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विशाल आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों ने महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
समारोह में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभी ने राष्ट्रपिता को शत-शत नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों की ओर से आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों का गायन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने महात्मा गांधी के विचारों और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी जी की वेशभूषा में कार्यक्रम में पहुंचे सुरेश कुमार हज्जू से भी मुलाकात की। उन्होंने गांधी जी के जीवन, उनके आदर्शों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अहिंसा, सत्य और स्वच्छता जैसे महात्मा गांधी के विचारों को याद किया गया। राजकीय समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
