सासाराम : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में 122.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण कर बाईपास को जनता को समर्पित किया।
बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल सहित इस बाईपास पथ का निर्माण किया गया है। इसके शुरू होने से सासाराम शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलने की बात कही गई है।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के पास जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों को जलस्रोतों के बेहतर रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
रोहतास जल संजीवनी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी कार्यक्रम के दौरान कायाकल्प अभियान के तहत ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य रोहतास जिले के तालाबों, पोखरों, जलाशयों और अन्य जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना है।
अभियान के जरिए वर्षा जल के अधिक से अधिक संग्रहण और संरक्षण पर जोर दिया जाएगा। साथ ही जिले के पारंपरिक और महत्वपूर्ण जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के जलस्रोतों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। तालाबों, पोखरों और जलाशयों को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त रखने के साथ इनके संरक्षण में स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राज समेत कई वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।






