डेस्क : बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर सोनू निगम साल 2026 में अपनी प्रॉपर्टी डील को लेकर लगातार चर्चा में हैं। अब उनकी प्रॉपर्टी खरीदारी की लिस्ट में एक और बड़ी डील जुड़ गई है। सोनू निगम ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में एक बिल्डिंग में तीन ऑफिस यूनिट खरीदे हैं। इन तीनों प्रॉपर्टी के लिए उन्होंने कुल 17 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
CRE Matrix से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोनू निगम ने अगस्त 2026 में अंधेरी वेस्ट में ‘सिंगुलर हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड’ से ये तीन ऑफिस यूनिट खरीदे थे। इस डील के लिए करीब 96 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी भी चुकाई गई है।
6 अगस्त 2026 को हुई इस डील के मुताबिक, ये तीनों ऑफिस यूनिट लोखंडवाला रोड स्थित सुंदरवन कॉम्प्लेक्स की एस्टन बिल्डिंग में हैं। सोनू निगम ने पहली मंजिल पर अगल-बगल स्थित दो ऑफिस यूनिट खरीदे हैं, जबकि एक अन्य ऑफिस स्पेस ग्राउंड फ्लोर पर लिया है।
तीनों ऑफिस यूनिट का कुल कारपेट एरिया 4,144.10 वर्ग फीट है। पहली मंजिल पर खरीदी गई दोनों प्रॉपर्टी के लिए कुल 16 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि ग्राउंड फ्लोर वाले ऑफिस के लिए 1 करोड़ रुपये दिए गए। जानकारी के मुताबिक, इन ऑफिस यूनिट के साथ सोनू निगम ने चार कार पार्किंग स्पेस भी खरीदे हैं।
2026 में पहले भी कर चुके हैं प्रॉपर्टी डील
सोनू निगम पिछले कुछ समय से लगातार प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री को लेकर चर्चा में हैं। CRE Matrix के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, मई 2026 में उन्होंने महाराष्ट्र के हिल स्टेशन कर्जत में 1.067 हेक्टेयर जमीन 95 लाख रुपये में बेची थी।
इससे पहले अप्रैल 2026 में सोनू निगम ने कर्जत में ही 1.9 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन 1.95 करोड़ रुपये में बेची थी।
फरवरी 2026 में सोनू निगम के पिता अगम कुमार निगम ने भी मुंबई में बड़ी प्रॉपर्टी डील की थी। उन्होंने मध आइलैंड में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर रेजिडेंशियल और कमर्शियल स्पेस के साथ 1,197 वर्ग मीटर जमीन 10 करोड़ रुपये में खरीदी थी।
2025 में कमर्शियल प्रॉपर्टी दी थी किराये पर
सोनू निगम ने साल 2025 में मुंबई के सांताक्रूज में अपनी एक कमर्शियल प्रॉपर्टी को पांच साल के लिए किराये पर भी दिया था। इस डील से उन्हें 12.61 करोड़ रुपये का किराया मिलने की जानकारी सामने आई थी।
अब अगस्त 2026 में अंधेरी वेस्ट में 17 करोड़ रुपये की तीन ऑफिस यूनिट खरीदने के बाद सोनू निगम एक बार फिर अपनी प्रॉपर्टी डील को लेकर सुर्खियों में हैं।






