पटना : SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर बिहार में सियासी घमासान के बीच चुनाव आयोग ने छूटे हुए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने का फैसला लिया है। आयोग के इस निर्णय के तहत बिहार में ऐसे युवा मतदाता, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें Form 6 के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
चुनाव आयोग ने इस संबंध में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने कहा है कि नए और छूटे हुए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएं।
इसके अलावा कॉलोनियों और आश्रय स्थलों में रहने वाले मजदूरों तथा अन्य लोगों के लिए भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के जरिए पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी और Form 6 के माध्यम से आवेदन कराया जाएगा।
SIR को लेकर बिहार में विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठ रही है।
अब चुनाव आयोग के नए निर्देश के बाद उन युवा मतदाताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। आयोग का निर्देश है कि अभियान के दौरान ऐसे सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंचने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं।
चुनाव आयोग के इस फैसले से अब बिहार में मतदाता सूची को लेकर चल रही प्रक्रिया में युवाओं और वंचित वर्गों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।







