Homeराज्यसारण में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की प्रशासनिक स्तर पर...

सारण में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू

सारण : विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक आयोजन को लेकर आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कोषांगों एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कड़ा निर्देश दिया कि मेला प्रारंभ होने के कम-से-कम दो दिन पूर्व सभी निर्धारित कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। इसके लिए टेंडर एवं वर्क ऑर्डर में समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मेला क्षेत्र में सेक्टरवार साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के लिए छपरा नगर निगम के आयुक्त की अध्यक्षता में कोषांग गठित करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें अन्य नगर निकायों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की सुलभता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित कार्यपालक अभियंता को पूर्व से टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।

सांस्कृतिक आयोजनों के संबंध में पर्यटन एवं कला-संस्कृति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर उच्च स्तरीय कलाकारों का चयन करने का निर्देश दिया गया, जिसमें लोकगीत, सूफी संगीत एवं भक्ति संगीत सहित विभिन्न विधाओं को शामिल करने पर विशेष बल दिया गया। गत वर्षों की भांति लिटरेरी फेस्टिवल और बुक फेयर की योजना, प्रकाशकों की सहभागिता व समय-सारणी पहले से निर्धारित करने को कहा गया।

बिल्डिंग एवं टेंडर संबंधी कार्यों की गुणवत्ता के सत्यापन के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में प्रशासनिक एवं तकनीकी पदाधिकारियों की एक विशेष समिति गठित की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर मेला अवधि में प्रतिनियुक्त होने वाले पुलिस बल के आवासन हेतु आवश्यक कैंप एवं अन्य व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही खाद्य सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग को खाद्य सुरक्षा निरीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है। अंत में जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिया कि तैयारियों में समयबद्धता, स्वच्छता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments