पटना : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विधायक आवासीय परिसर की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और बिहार विधानसभा संग्रहालय का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है। इसको लेकर उन्होंने भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में विधायक आवासीय परिसर में मूलभूत सुविधाओं, आवास आवंटन और संग्रहालय निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने विधायकों को आवासीय परिसर में हो रही समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी से मंत्री को अवगत कराया। तीन या उससे अधिक बार निर्वाचित विधायकों के अनुरोध पर नए आवासीय परिसर से बाहर आवास देने और विधानसभा के सचेतकों को भी परिसर से बाहर आवास उपलब्ध कराने के मुद्दे पर चर्चा की गई।
भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने आश्वासन दिया कि विधायक आवासीय परिसर की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि विधानसभा के सचेतकों को परिसर से बाहर आवास आवंटित करने की कार्रवाई जल्द की जाएगी। तीन या अधिक बार निर्वाचित विधायकों के अनुरोध पर भी आवास आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। कई विधायकों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं।
वहीं, परिसर में अनधिकृत रूप से रह रहे पूर्व सदस्यों से आवास खाली कराने और निर्धारित दंडात्मक किराये की वसूली की कार्रवाई भी की जा रही है। परिसर के फेज-1 और फेज-2 में कॉम्फेड और वेजफेड की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब फेज-3 में भी ये सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा आवासों की मरम्मत, साफ-सफाई और परिसर में उगे पौधों की छंटाई भी कराई जाएगी।
बैठक में बिहार विधानसभा संग्रहालय के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। नई दिल्ली में संसद भवन और प्रधानमंत्री संग्रहालय का अध्ययन करने गई भवन निर्माण विभाग एवं विधानसभा सचिवालय की संयुक्त टीम ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। टीम के सुझावों के आधार पर निर्माणाधीन संग्रहालय के डिजाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं। प्रस्तुतीकरण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी अपने सुझाव दिए।
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंत्री लेशी सिंह और अधिकारियों के साथ संग्रहालय निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, बिहार विधानसभा संग्रहालय का निर्माण अगले वर्ष मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
