पटना : बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद शिरकत की और कारगिल चौक से गांधी मैदान स्थित जे०पी० गोलम्बर तक पैदल मार्च किया। गोलम्बर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कारगिल चौक पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जो लोग आज लोकतंत्र का ढिंढोरा पीट रहे हैं, उन्होंने ही देश में इमरजेंसी लगाकर लोगों के मौलिक अधिकार छीने थे। अगर वे अपने पूर्वजों की करतूतों को याद कर लेंगे, तो जनता के बीच जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।”
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ने बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ देशवासियों का मान-सम्मान बढ़ाया है और भारत को वैश्विक पटल पर मजबूत किया है।
हार की बौखलाहट में विपक्ष: चुनाव चाहे बैलेट पेपर से हुए हों या EVM से, कांग्रेस लगातार चुनाव हारती रही है। इसी बौखलाहट में विपक्षी दल लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था को ध्वस्त करने की साजिश रच रहे हैं।
जनता काम करने वालों को चुनती है: लोकतंत्र में जनता ही मालिक है। जो काम करेगा, वोट भी उसी को मिलेगा। विपक्ष को यह बात हजम नहीं हो रही है।
अभद्र भाषा स्वीकार्य नहीं: मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब गाली-गलौज पर उतर आई है। प्रधानमंत्री जी के स्वर्गीय माता-पिता जी के प्रति अपशब्दों का प्रयोग सभ्य समाज में कतई स्वीकार्य नहीं है और देश की जनता इसका करारा जवाब देगी।
विकसित भारत और समृद्ध बिहार का संकल्प
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की राजनीतिक स्थिति और भावी लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए कहा:
“प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में एन०डी०ए० को 202 सीटें मिली थीं, जिसके बाद श्री नीतीश कुमार जी ने मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। तत्पश्चात सभी सहयोगियों के विश्वास से मुझे मुख्यमंत्री के रूप में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।”
उन्होंने दोहराया कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के ‘विकसित भारत’ और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के ‘समृद्ध बिहार’ के सपने को पूरा करना हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है।
कार्यक्रम में दिग्गजों की मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने भी जनसभा को संबोधित किया। पदयात्रा के दौरान बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में आम जनता मौजूद रही।
