नई दिल्ली : विपक्षी इंडी गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 30 अक्टूबर को सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि अन्य जगहों पर अनुमति नहीं मिलने के बाद यह कार्यक्रम शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे नई दिल्ली के 10 राजाजी मार्ग पर आयोजित किया जाएगा।
जयराम रमेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर संविधान की भावना और उसके प्रावधानों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने सुनियोजित तरीके से चुनावी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव को कमजोर किया है।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के सभी संबंधित सदस्यों को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा था। कांग्रेस की योजना शुरुआत में इस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की थी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित करना चाहती थी लेकिन इसके लिए जगह तय करने में अड़चनें आईं।
केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि अशोका होटल में कार्यक्रम की अनुमति मिलने के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से होटल प्रबंधन ने अपने परिसर में आयोजन से इनकार कर दिया। इसके बाद रामलीला मैदान में कार्यक्रम करने की योजना बनाई गई। कांग्रेस के अनुसार, 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मैदान की बुकिंग की मांग के बावजूद 30 अक्टूबर को कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को स्पष्ट किया था कि उसने 01 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडी गठबंधन की रैली की अनुमति वापस नहीं ली है। पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से रैली के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) दिया गया है। आधिकारिक सूचना के मुताबिक, यह एनओसी मैदान के मालिक प्राधिकरण से पूर्व अनुमति लेने की शर्त पर जारी किया गया था। 17 अक्टूबर के पत्र का संबंध कांग्रेस के उस अनुरोध से था, जिसमें एक नवंबर की रैली के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक रामलीला मैदान बुक करने की मांग की गई थी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन 01 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के नारे के साथ महारैली आयोजित करने जा रहा है। यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ किया जा रहा है। यह अभियान 26 अक्टूबर से 26 नवंबर तक अलग-अलग चरणों में चलेगा।
