Homeराज्यबिहार में सभी MLC सीटें जीतेगा NDA, PK के चैलेंज पर श्रवण...

बिहार में सभी MLC सीटें जीतेगा NDA, PK के चैलेंज पर श्रवण कुमार बोले- नीतीश कुमार का नीरज को पूरा आशीर्वाद

पटना : बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के वोट चोरी के आरोपों, विधान परिषद चुनाव, प्रशांत किशोर के चैलेंज और बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही आर्थिक सहायता को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। वहीं, विधान परिषद चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि एनडीए सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को घेरा

दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन और बिहार में वोट चोरी के मुद्दे पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि विपक्ष को प्रदर्शन करने दीजिए, उसे कौन रोक रहा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं है। जब झारखंड और कर्नाटक में चुनाव जीतते हैं, तब वहां की मशीन ठीक रहती है, लेकिन बिहार में हारने पर मशीन में गड़बड़ी का आरोप लगाने लगते हैं। इसी तरह बंगाल में हारने पर भी सवाल उठाए जाते हैं।

मंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता लगातार राज्यपाल और राष्ट्रपति से मिलते रहते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। भारत और बिहार की जनता सब कुछ जानती है और विपक्ष के इन आरोपों से चुनावी नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

MLC चुनाव में सभी सीटों पर जीत का दावा

विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए की तैयारियों पर श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए चुनावी मैदान में उतर चुका है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार पहले से ही चल रहा है और अब सभी नेता पूरी ताकत के साथ प्रचार अभियान में जुटेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए बिहार विधान परिषद की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा।

PK के चैलेंज पर बोले- नीतीश कुमार का पूरा आशीर्वाद

प्रशांत किशोर द्वारा जेडीयू नेता नीरज कुमार को चुनौती दिए जाने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी करने की मांग पर भी श्रवण कुमार ने जवाब दिया। प्रशांत किशोर ने कहा था कि यदि नीतीश कुमार नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी करते हैं, तो वह अपने उम्मीदवार को वापस ले लेंगे।

इस पर श्रवण कुमार ने कहा कि बहुत से लोग चुनौती देने आते हैं और चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे चैलेंज से कुछ होने वाला नहीं है। नीतीश कुमार का नीरज कुमार को पूरा आशीर्वाद प्राप्त है और वह हमारे सबसे बड़े नेता हैं।

बाढ़ पीड़ितों को आगे भी मिलेगी सहायता

बाढ़ पीड़ित परिवारों को 7,000 रुपये की सहायता राशि दिए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था नीतीश कुमार ने बनाई थी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी व्यवस्था के तहत काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी रहती है और आगे भी जरूरत के अनुसार सहायता देती रहेगी। विपक्ष क्या कहता है, इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता।

वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का अभियान नियमित प्रक्रिया

बिहार में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए एक महीने तक चलने वाले अभियान पर श्रवण कुमार ने कहा कि यह कोई विशेष अभियान नहीं है। चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने और उससे संबंधित कार्य नियमित रूप से होते रहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस प्रक्रिया को वोट चोरी से जोड़ने का क्या मतलब है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments