Homeराज्यPMCH में अब 2500 बेड पर होगा मरीजों का इलाज, CM सम्राट...

PMCH में अब 2500 बेड पर होगा मरीजों का इलाज, CM सम्राट चौधरी ने टावर-3 का किया उद्घाटन

पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को PMCH पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित टावर-3 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को मरीजों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि PMCH में अब एक साथ 2500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने पर जोर दिया।

टावर-3 के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अस्पताल के भूतल पर कियोस्क और काउंटर के माध्यम से OPD मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा अल्पाहार गृह की व्यवस्था और PMCH पुनर्विकास योजना के तहत पूरे हो चुके निर्माण कार्यों तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति ICU, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT)-22 का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों, स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर और अन्य चिकित्सकीय इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि मरीजों के उपचार में किसी तरह की बाधा न आए। उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं का नियमित रखरखाव करने, व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, PMCH पुनर्विकास योजना के शेष निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर भर्ती बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण भी किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया और संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि और PMCH अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments