Home राज्य गंगा का जलस्तर घटने से बियाडा घाट पर एक सप्ताह से फंसा...

गंगा का जलस्तर घटने से बियाडा घाट पर एक सप्ताह से फंसा जहाज, निकालने का प्रयास जारी

0

भागलपुर : भागलपुर के बियाडा घाट के समीप गंगा नदी का जलस्तर अचानक घटने से एक बड़ा मालवाहक जहाज पिछले एक सप्ताह से बीच मझधार में फंसा हुआ है। पानी कम होने के कारण जहाज रेत में धंस गया है, जिससे उसका आगे बढ़ना पूरी तरह ठप हो गया है।

सूचना मिलते ही जल मार्ग प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और जहाज को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, यह मालवाहक जहाज भारी मात्रा में सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान बियाडा घाट के पास पानी का स्तर तेजी से कम हो गया, जिसके चलते जहाज का निचला हिस्सा जमीन से टकरा गया और वह वहीं फंस गया। पिछले सात दिनों से कैप्टन और चालक दल के सदस्य जहाज को निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारी वजन और पानी की कमी के कारण सफलता नहीं मिल पाई है।

अधिकारियों का कहना है कि जहाज को निकालने के लिए अब ‘ड्रेजिंग’ (रेत हटाने की प्रक्रिया) का सहारा लिया जा रहा है, ताकि जहाज के चारों ओर पानी का रास्ता साफ हो सके। इसके साथ ही दूसरे शक्तिशाली जहाजों (टग बोट) की मदद से इसे खींचने का प्रयास भी किया जा रहा है। प्रशासन का अनुमान है कि अगर जलस्तर में थोड़ा सुधार होता है या ड्रेजिंग का काम तेजी से पूरा होता है, तो अगले एक-दो दिनों में जहाज को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। इस घटना के कारण फिलहाल इस मार्ग पर अन्य बड़े जहाजों के आवागमन को लेकर भी एहतियात बरती जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

दुष्यंत कुमार गौतम ने सिक्किम के 21वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

Exit mobile version