पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को महानवमी के पावन अवसर पर पटना के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी बिहारवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
मां दुर्गा से की बिहार की तरक्की की प्रार्थना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी महानवमी के अवसर पर मां काली मंदिर, बांस घाट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने डाकबंगला रोड स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति के पूजा स्थल पर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद सभी लोगों पर बना रहे। उन्होंने कामना की कि देश और बिहार विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ें और समृद्धि की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल करें।
बिहारवासियों को दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। महानवमी के अवसर पर मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री संजीव प्रसाद टोनी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, पूजा समिति के आयोजक, गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।







