सासाराम : सासाराम के सिकरिया डैम के पास लोकप्रिय रियलिटी शो एमटीवी रोडीज की रियल्टी शो शूटिंग शुरू हुई है। ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध रोहतास में इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रोडीज ग्रुप के सदस्य निखिल चिनापा ने शूटिंग की एक झलक इंटरनेट मीडिया पर साझा की है। डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने अभिनेता निखिल चिनापा के साथ मिलकर शूटिंग का उद्घाटन किया।
सिकरिया डैम पर रोडीज की शूटिंग से पर्यटन को बढ़ावा
सासाराम के सिकरिया डैम के आसपास का प्राकृतिक वातावरण इस आयोजन को खास बना रहा है। जिला में लोकप्रिय रियलिटी शो की शूटिंग होने से जिले के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को दूसरे राज्यों के दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
युवाओं में लोकप्रिय है एमटीवी रोडीज और नेटफिक्स
एमटीवी और नेटफिक्स पर रोडीज युवाओं के बीच चर्चित रियलिटी शो में से एक है। शो में प्रतिभागियों को विभिन्न चुनौतियों और टास्क का सामना करना पड़ता है।
रोहतास में इसकी शूटिंग की खबर सामने आने के बाद दर्शकों की निगाहें अब शो के आगामी एपिसोड पर टिकी हैं।
स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को जिले के पर्यटन और मनोरंजन जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, शूटिंग से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम और प्रसारण की तारीख की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध जानकारी में नहीं हो सकी है।
