पटना : बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों के यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। भागलपुर और नवगछिया-कटिहार के बीच सड़क संपर्क प्रभावित होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करना सराहनीय और जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इससे भागलपुर, नवगछिया, कटिहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
भागलपुर से कटिहार के लिए चल रहीं विशेष ट्रेनें
रेलवे की ओर से भागलपुर से नवगछिया और कटिहार की ओर यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग समय पर विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। सुबह के समय गाड़ी संख्या 05781 भागलपुर (सबौर)-कटिहार स्पेशल और 03407 भागलपुर-कटिहार स्पेशल चलाई जा रही हैं। वहीं, शाम के समय गाड़ी संख्या 03409 भागलपुर-कटिहार स्पेशल का परिचालन हो रहा है।
कटिहार से भागलपुर के लिए भी अतिरिक्त सुविधा
कटिहार से भागलपुर आने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। इसके तहत सुबह गाड़ी संख्या 03410 कटिहार-भागलपुर स्पेशल, दोपहर में 03408 कटिहार-भागलपुर स्पेशल और शाम को 05782 कटिहार-सबौर स्पेशल चलाई जा रही है।
इसके अलावा सहरसा और आसपास के क्षेत्रों से भागलपुर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 05573/05574 राघोपुर-सहरसा-खगड़िया-भागलपुर-देवघर स्पेशल का भी परिचालन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति जताया आभार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने त्वरित कदम उठाया है। विशेष ट्रेनों के परिचालन से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने इस व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, कठिन परिस्थिति में यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे की यह पहल महत्वपूर्ण है।
