डेस्क : सीवान में घर के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान बारूद में विस्फोट होने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पटना में अग्निशमन विभाग अलर्ट हो गया है। अग्निशमन विभाग की टीम ने अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया।
कदमकुआं में पटाखा दुकानों का निरीक्षण
निदेशन-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार, पटना से प्राप्त सूचना और आदेश के आलोक में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, लोदीपुर, पटना, अजीत कुमार के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। इस दौरान कदमकुआं थाना क्षेत्र में पटाखों के थोक विक्रेताओं, अस्थायी पटाखा बाजारों और स्टॉलों की जांच की गई।
अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान आवासीय परिसरों, बाजारों की ऊपरी मंजिलों, तहखानों और घनी आबादी वाले इलाकों में विशेष निगरानी की गई। पटाखा विक्रेताओं को अवैध रूप से पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया।
दुकानदारों को अग्निशमन उपकरण रखने की सलाह
पंजीकृत पटाखा विक्रेताओं को दुकानों के पास पर्याप्त पानी, पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र और बालू रखने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही दुकान पर धूम्रपान निषेध का बोर्ड लगाने और पटाखों का भंडारण स्वीकृत लाइसेंस की सीमा के भीतर रखने का निर्देश दिया गया है।अग्निशमन विभाग के अनुसार, पटाखा विक्रेताओं से निर्धारित प्रपत्र में घोषणा पत्र भी भरवाया जाएगा, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।







